नवतपा की गर्मी में शहर से गांव तक बढ़ी परेशानी, कारोबार भी प्रभावित
कोरबा। नवतपा की भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती और आंख-मिचौली से आमजन बेहाल हैं। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक अनियमित बिजली आपूर्ति ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। इसी समस्या को लेकर चेम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने विद्युत विभाग को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था सुधारने की मांग की।
चेम्बर पदाधिकारियों ने बताया कि कोरबा शहर में बिजली गुल होना अब आम बात बन चुकी है। दिन हो या रात, कभी भी बिजली बंद हो जाती है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली कटौती के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है और रात में भी चैन की नींद नहीं मिल पा रही है।
व्यापारियों ने कहा कि बिजली बाधित होने से कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में काम प्रभावित होने से आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। लोगों को अनिद्रा और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है।
चेम्बर प्रतिनिधिमंडल जब जोन कार्यालय पहुंचा, तब अधीक्षण अभियंता और कार्यपालन अभियंता मौजूद नहीं थे। ऐसे में पदाधिकारियों ने जूनियर इंजीनियर को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की।
इस दौरान चेम्बर के महामंत्री नरेंद्र अग्रवाल, आर.पी. तिवारी, मनोज अग्रवाल, दिलीप अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, नरेश अग्रवाल, मोहम्मद न्याज नूर आरबी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

