45 डिग्री तापमान ने बढ़ाई परेशानी, अगले सप्ताह और बढ़ेगी गर्मी

रात में भी नहीं मिल रही राहत, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

कोरबा। जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 39 डिग्री दर्ज किया गया। दिन के साथ रात में भी गर्म हवाओं और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक तापमान 45 डिग्री से नीचे नहीं जाने की संभावना जताई है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले सप्ताह तापमान में और वृद्धि हो सकती है तथा पारा 47 डिग्री तक पहुंच सकता है। हालांकि बीच-बीच में तेज हवाएं चलने की संभावना है, लेकिन फिलहाल बारिश का कोई सिस्टम सक्रिय नहीं है।

भीषण गर्मी का असर जनजीवन के साथ लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। जिला अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में उल्टी-दस्त, डिहाइड्रेशन और गर्मी से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। अधिक से अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों को धूप से बचाकर रखने की अपील की गई है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि मई माह के शेष दिनों में गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। लगातार बढ़ते तापमान ने आमजन की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है।