ग्रीन कॉरिडोर निर्माण की तैयारी,अतिक्रमण हटाने निगम की बड़ी कार्रवाई
कोरबा। शहर के महाराणा प्रताप चौक और बुधवारी बाजार क्षेत्र में नगर निगम ने शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। निगम की टीम बुलडोजर और अमले के साथ मौके पर पहुंची, जहां सड़क किनारे लंबे समय से लगे ठेले, गुमटियां और अस्थायी दुकानों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार महाराणा प्रताप चौक से जुड़े क्षेत्र में ग्रीन कॉरिडोर विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। इसके तहत सड़क किनारे हरियाली बढ़ाने, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और शहर की सुंदरता में सुधार करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसी योजना के तहत अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई की गई।
निगम अधिकारियों ने बताया कि संबंधित दुकानदारों और ठेला संचालकों को पूर्व में नोटिस जारी कर स्थल खाली करने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर निगम को सख्त कदम उठाना पड़ा।
नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया कि चिन्हित अतिक्रमणकारियों और फुटकर व्यापारियों के लिए पूर्व में व्यवस्थित दुकानें बनाकर उनका आवंटन किया जा चुका है, ताकि वे निर्धारित स्थान पर व्यवसाय कर सकें। इसके बावजूद कई लोग दोबारा सड़क किनारे अतिक्रमण कर कारोबार कर रहे थे।
कार्रवाई के दौरान कई ठेला संचालकों ने अपनी रोजी-रोटी प्रभावित होने की बात कही। वहीं निगम प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक मार्ग और प्रस्तावित विकास कार्यों में बाधा बनने वाले अतिक्रमण को हटाना जरूरी है।
नगर निगम ने संकेत दिए हैं कि शहर में यातायात सुधार और सौंदर्यीकरण अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा मुख्य मार्गों और चौक-चौराहों के आसपास अवैध कब्जों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

