छुरी खुर्द में दो दिन से अंधेरा, ट्रांसफार्मर खराब होने से पेयजल संकट गहराया

ग्रामीणों में नाराजगी, जनप्रतिनिधियों और विभाग पर उपेक्षा का आरोप

कोरबा। कटघोरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छुरी खुर्द में पिछले दो दिनों से बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी हुई है।

ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पूरे गांव में अंधेरा पसरा हुआ है, वहीं पेयजल आपूर्ति भी बुरी तरह प्रभावित हो गई है। लगातार बढ़ती गर्मी के बीच ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना बिजली विभाग को दी गई है, लेकिन अब तक सुधार कार्य शुरू नहीं हो पाया है। बिजली बंद होने से गांव में पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। हैंडपंप और मोटर बंद होने के कारण लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि न तो क्षेत्र के जिम्मेदार जनप्रतिनिधि हालात का जायजा लेने पहुंचे हैं और न ही समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल की जा रही है।

भीषण गर्मी के बीच बिजली और पानी संकट से परेशान ग्रामीणों ने जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।

लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।