न्यू रेलवे कॉलोनी से 50 हजार के अवैध पटाखे जब्त, केस दर्ज

बिना लाइसेंस भंडारण और बिक्री का मामला, पटाखा विक्रेता गिरफ्तार

कोरबा।मानिकपुर चौकी पुलिस ने न्यू रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में सख्त कार्रवाई करते हुए एक दुकान से भारी मात्रा में अवैध पटाखे जब्त किए हैं। जब्त किए गए पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि रेलवे कॉलोनी झोपड़ी इलाके में आरोपी लोचन प्रसाद केशरवानी (48 वर्ष) बिना लाइसेंस के बड़े पैमाने पर पटाखों का भंडारण कर रहा है और पार्टी व अन्य कार्यक्रमों में ऊंचे दामों पर बेचता है। सूचना पर पुलिस टीम ने दुकान पर दबिश दी और तलाशी के दौरान कार्टून व बोरियों में भरे पटाखों का बड़ा जखीरा बरामद किया।


पुलिस ने 15 प्रकार के पटाखे जब्त किए, जिनमें स्काई शॉट, टाइगर बम, मिर्ची फटाका, रेड बुश स्काई शॉट, लाड़ी, रोसा लारी, लहसून फटाका, करोना बम और माचिस फटाका शामिल हैं।

चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि आरोपी के पास पटाखों के भंडारण और बिक्री का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने आरोपी लोचन प्रसाद केशरवानी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

आरोपी को जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।
यह कार्रवाई त्योहारों से पहले असुरक्षित पटाखा भंडारण और बिक्री पर सख्ती का संदेश देती है।