कोरबा। शहर में एसी के कॉपर पाइप और आउटडोर यूनिट चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है। बीते एक महीने से लगातार हो रही घटनाओं ने दुकानदारों और दफ्तर संचालकों की चिंता बढ़ा दी है। चोर रात के अंधेरे में घरों, दुकानों और कार्यालयों के बाहर लगे एसी यूनिट को निशाना बना रहे हैं।
सीएसईबी चौकी अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर स्थित प्रेस कॉम्प्लेक्स में एक ही कार्यालय से दो बार एसी के कॉपर पाइप काटकर चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। वहीं टीपी नगर क्षेत्र में संचालित एक कार्यालय से चोर पूरे आउटडोर यूनिट को ही खोलकर ले गए। हैरानी की बात यह है कि वारदात ऐसे इलाकों में हुई जहां जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार चोर मुंह पर गमछा बांधकर आते हैं और आराम से एसी यूनिट खोलकर फरार हो जाते हैं।
कोसाबाड़ी कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में भी आधा दर्जन से अधिक दुकानों को निशाना बनाया जा चुका है। यहां चोर एसी के कॉपर वायर और पाइप काटकर ले गए। व्यापारियों ने इसकी शिकायत सिविल लाइन थाना पुलिस से की है, लेकिन अब तक आरोपी पकड़ में नहीं आए हैं।
चोरी का तरीका लगभग एक जैसा बताया जा रहा है। चोर एसी के करीब तीन फीट तक कॉपर पाइप काटकर ले जाते हैं, जिसे कबाड़ी दुकानों में बेचने पर उन्हें मामूली रकम मिलती है। लेकिन इससे एसी की पूरी गैस निकल जाती है और दोबारा वायरिंग, गैस भराई एवं मरम्मत में पीड़ितों को करीब 8 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।
पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और कबाड़ी दुकानों में पूछताछ कर रही है। लगातार हो रही घटनाओं से लोग दहशत में हैं। जिन स्थानों पर दो-दो बार चोरी हो चुकी है, वहां लोग एसी सुधरवाने से भी डर रहे हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

