बुधवारी बाजार में फुटपाथ पर फिर अतिक्रमण, निगम की कार्रवाई बेअसर

शिफ्टिंग के 24 घंटे बाद फिर फुटपाथ पर कब्जा, मटका-झाड़ू विक्रेताओं की मनमानी

कोरबा।शहर के सबसे व्यस्त बाजार बुधवारी में फुटपाथ पर अतिक्रमण की समस्या एक बार फिर बेलगाम हो गई है।

नगर निगम द्वारा हाल ही में पारंपरिक मटका-झाड़ू, सूपा-टोकरी विक्रेताओं को पौनी-पसारी शिफ्ट करने के बावजूद वे मात्र 24 घंटे के अंदर वापस फुटपाथ पर आकर अपनी दुकानें सजा बैठे।

इससे सड़क पर वाहनों की पार्किंग बढ़ गई और शाम होते-होते भारी जाम की स्थिति बन गई। राहगीर और खरीदार दोनों परेशान दिखाई दिए।

निगम की कार्रवाई नाकाफी
निगम प्रशासन शहर सौंदर्यीकरण के तहत अतिक्रमण हटाने का दावा कर रहा है, लेकिन मटका-झाड़ू जैसे पारंपरिक कारोबारियों पर उसकी कार्रवाई पूरी तरह बेअसर साबित हो रही है। कुछ दिन पहले इन दुकानदारों को ताम-झाम के साथ नवनिर्मित पौनी-पसारी (24.12 लाख रुपये की लागत से शेडयुक्त) में शिफ्ट किया गया था, लेकिन वे वहां टिक नहीं पाए।

निगम अधिकारियों का कहना है कि इन कारोबारियों को व्यवस्थित तरीके से नई जगह पर स्थानांतरित किया जा रहा है और अतिक्रमण करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। लेकिन बुधवार को तोड़ दस्ता मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे अतिक्रमणकारी बेखौफ होकर फुटपाथ पर कब्जा जमाए रहे।

बुधवारी बाजार से रोजाना 10 हजार से अधिक राहगीर गुजरते हैं और करीब 5 हजार लोग खरीदारी करते हैं।

फुटपाथ पर दुकानों के कारण सड़क जाम से लगातार परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुंदरता के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन असली समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।

अब देखना होगा कि नगर निगम इस बार पारंपरिक अतिक्रमणकारियों पर कितनी सख्ती दिखाता है।