आनंद बाजार पहुंचे निगम आयुक्त, कारोबारियों से की चर्चा

विस्थापित व्यापारियों को नई दुकानों में मिली जगह, मिनी चौपाटी विकसित करने की तैयारी

कोरबा। बुधवारी बाजार क्षेत्र में नवनिर्मित दुकानों में विस्थापित कारोबारियों को शिफ्ट किए जाने के बाद नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने आनंद बाजार पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों से मुलाकात कर उन्हें नए स्थल पर सफल व्यवसाय के लिए शुभकामनाएं दीं।

नगर निगम द्वारा शहर की सड़कों, फुटपाथों और मुख्य मार्गों के किनारे व्यवसाय करने वाले लघु व्यापारियों को स्थायी और सुविधायुक्त स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवारी बाजार के सामने पौनी पसारी मैदान के चारों ओर 50 दुकानों का निर्माण कराया गया है। इन दुकानों में अब व्यापारियों को व्यवस्थित रूप से स्थान दिया गया है।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने आनंद बाजार के मुख्य प्रवेश द्वार को आकर्षक स्वरूप देने तथा पुराने प्रवेश मार्ग के चौड़ीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि बाजार परिसर के बीच स्थित मैदान को मिनी चौपाटी के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां पेवर ब्लॉक बिछाने सहित अन्य सौंदर्यीकरण और विकास कार्य कराए जाएंगे।

आयुक्त ने उन व्यापारियों से भी अपील की जो अब भी बुधवारी बाजार के बाहर सड़क किनारे मटका, कुल्हड़ और अन्य सामग्री बेच रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी व्यवसायी निगम द्वारा आबंटित पौनी पसारी स्थल पर ही अपना व्यवसाय संचालित करें, ताकि यातायात व्यवस्था और बाजार की सुव्यवस्था बनी रहे।