जरीकेन में डीजल देने-लौटाने को लेकर मारपीट, पुलिस जांच में जुटी
कोरबा। दीपका स्थित गोपीचंद पेट्रोल पंप में डीजल भरवाने को लेकर आधी रात जमकर विवाद और मारपीट हो गई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पेट्रोल पंप के मैनेजर केसर खान ने पुलिस को बताया कि रात करीब 12:50 बजे पंपकर्मी रामकुमार और कृति कुमार ने फोन कर सूचना दी कि शिवम शर्मा नामक युवक जबरन जरीकेन में करीब 6000 रुपए का डीजल भरवाकर ले गया है।
सूचना मिलने पर केसर खान पंप पहुंचे और शिवम शर्मा को फोन कर डीजल वापस लाने को कहा, क्योंकि नियम के अनुसार डिब्बे या जरीकेन में डीजल देना प्रतिबंधित है।
आरोप है कि इसके बाद शिवम शर्मा और उसके साथियों ने पेट्रोल पंप पहुंचकर केसर खान और अकाउंटेंट सत्यम के साथ मारपीट की। घटना में केसर खान के गले, कनपटी और हाथ में चोटें आईं, वहीं उनकी सोने की चेन भी टूट गई।
केसर खान की शिकायत पर पुलिस ने शिवम शर्मा और संजू शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी शिवम शर्मा के पिता एसईसीएल में इंस्पेक्टर पद पर कार्यरत हैं।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से शिवम शर्मा ने भी पेट्रोल पंप मैनेजर और सेल्समैन के खिलाफ काउंटर रिपोर्ट दर्ज कराई है। दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

