बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर के विरोध में कलेक्टर से शिकायत

पूर्व पार्षदों ने 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग, आंदोलन की चेतावनी

कोरबा। शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों को लेकर पूर्व पार्षद दिनेश सोनी और महेश अग्रवाल ने कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को नियमित बिजली बिल तो भेजे जा रहे हैं, लेकिन बिजली आपूर्ति व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है।

ज्ञापन में बताया गया कि सुबह और रात के समय बार-बार बिजली गुल होने से आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

घरेलू कार्यों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। कई मोहल्लों में बिजली समस्या के कारण पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही है, जिससे लोगों को अतिरिक्त दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।

पूर्व पार्षदों ने मांग की है कि शहर में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा दिन के समय होने वाली कटौती पर रोक लगाई जाए। साथ ही स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा गया कि इसके बाद फर्जी बिलिंग और अधिक बिल आने की शिकायतें बढ़ी हैं।

उन्होंने कहा कि यदि पुराने मीटर खराब थे तो वर्षों तक उनका उपयोग क्यों किया गया। स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया और बिलिंग व्यवस्था की जांच कर उपभोक्ताओं को राहत दी जानी चाहिए।

पूर्व पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि उपभोक्ता हित में जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और विद्युत विभाग की होगी।