आरटीई प्रवेश और फीस वृद्धि के विरोध में युवक कांग्रेस का प्रदर्शन

निजी स्कूलों पर आरटीई के तहत प्रवेश नहीं देने का आरोप, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

कोरबा। जिले के निजी स्कूलों में शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत बच्चों को प्रवेश नहीं दिए जाने और आत्मानंद स्कूलों में फीस वृद्धि के विरोध में युवक कांग्रेस ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जिले के लगभग 25 निजी स्कूल नर्सरी, प्रेप, केजी-1 और केजी-2 कक्षाओं में आरटीई के तहत प्रवेश देने से इनकार कर रहे हैं। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चे प्रारंभिक शिक्षा के अधिकार से वंचित हो रहे हैं।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि निजी स्कूल प्रवेश शुल्क, यूनिफॉर्म और पुस्तकों के नाम पर अभिभावकों से मनमानी वसूली कर रहे हैं। वहीं आत्मानंद स्कूलों में भी फीस बढ़ाए जाने से अभिभावकों की परेशानियां बढ़ गई हैं।

युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने गरीब और असहाय परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण अंग्रेजी माध्यम शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह योजना शुरू की थी, लेकिन वर्तमान में अनिवार्य शुल्क लागू किए जाने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

प्रदर्शन में मधुसूदन दास, अजीत बर्मन, विपिन श्रीवास, राकेश पंकज सहित युवक कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।