बिजली सप्लाई बाधित कर लाखों का नुकसान पहुंचाने वाले कबाड़ी समेत चार जेल भेजे गए
कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के बिजली केबल चोरी कर इलाके को ब्लैकआउट में डालने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक कबाड़ी दुकान संचालक भी शामिल है। पुलिस ने चोरी किया गया केबल और अन्य सामान बरामद कर आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कटघोरा क्षेत्र के सिंघाली इलाके में कुछ दिन पहले अज्ञात चोरों ने बिजली पोल को क्षतिग्रस्त कर लगभग 3100 मीटर बिजली के तार चोरी कर लिए थे।
घटना के कारण पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी और विद्युत विभाग को लाखों रुपए का नुकसान उठाना पड़ा।
इस मामले में कटघोरा के जूनियर इंजीनियर रंजीत पैकरा की रिपोर्ट पर थाना बांकीमोंगरा में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए तकनीकी इनपुट और मुखबिर की सूचना के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में कबाड़ी दुकान संचालक मनोज कुमार साहू निवासी राजीव नगर कटघोरा, विजयपाल कंवर निवासी अमरपुर सिंघाली, शेखर सिंह अगरिया और अनुप कुमार चौहान निवासी सिंघाली बस्ती शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया बिजली केबल और अन्य सामान जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, विद्युत अधिनियम एवं लोक संपत्ति नुकसानी निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और बिजली व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
