बालको का ‘ब्लैक मेज़’ बना महिला सशक्तिकरण की नई पहचान

कोरबा।बालकोनगर में महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक नई मिसाल कायम करते हुए बालको ने ‘ब्लैक मेज़’ फाइन डाइनिंग कैफे की शुरुआत की है।

बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कैफे का शुभारंभ किया। यह कैफे बालको की “प्रोजेक्ट उन्नति” से जुड़ी महिलाओं द्वारा संचालित किया जा रहा है, जो आज आर्थिक आत्मनिर्भरता और सतत आजीविका की नई कहानी लिख रही हैं।

‘ब्लैक मेज़’ की शुरुआत कभी छोटे स्तर पर “उन्नति चौपाल” के रूप में हुई थी, जहां महिलाएं चाट-पकौड़ी और स्थानीय व्यंजन परोसती थीं। आज यह पहल 50 से अधिक लोगों की बैठने की क्षमता वाले आधुनिक फाइन डाइनिंग कैफे के रूप में विकसित हो चुकी है। यहां छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों के साथ उत्तर भारतीय, चाइनीज़ और फास्ट-फूड का भी विशेष आकर्षण है।

बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि कंपनी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि “प्रोजेक्ट उन्नति” से जुड़ी 6 हजार से अधिक महिलाएं विभिन्न सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों के माध्यम से अपने परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं।

प्रोजेक्ट उन्नति के अंतर्गत महिलाओं को व्यंजन कला, ग्राहक प्रबंधन, आतिथ्य सेवा, उद्यमिता और खाद्य गुणवत्ता जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। इसी प्रशिक्षण ने महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर दिया।

समूह की सदस्य निर्मला देशमुख ने बताया कि उन्नति से जुड़ने के बाद उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है। वहीं सदस्य भारती ने कहा कि अब उन्हें अपनी प्रतिभा को पहचान और सम्मान मिलने लगा है।

,ब्लैक मेज़’ केवल एक कैफे नहीं बल्कि महिलाओं द्वारा संचालित सफल उद्यमिता का मॉडल बनकर उभरा है। यह पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने के साथ-साथ उन्हें समाज में नई पहचान भी दिला रही है।

बालको की यह पहल अब क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का केंद्र बनती जा रही है।