अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर, राताखार में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

कबाड़ कारोबारी “बरबट्टी” से जुड़े निर्माणों को तोड़ा, भारी पुलिस बल तैनात

कोरबा। नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत राताखार बस्ती स्थित गणेश मंदिर चौक के पास गुरुवार सुबह प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित कबाड़ कारोबारी मुकेश साहू उर्फ “बरबट्टी” से जुड़े मकानों और निर्माणों पर बुलडोजर चला दिया।

कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।

जानकारी के अनुसार प्रशासन द्वारा अवैध निर्माण और कब्जों को लेकर यह कार्रवाई की गई। नगर निगम, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम सुबह से ही मौके पर पहुंच गई थी। बुलडोजर कार्रवाई शुरू होते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई, जबकि पुलिस जवान लगातार निगरानी करते नजर आए।

सूत्रों के मुताबिक मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी फिलहाल जिले से बाहर बताया जा रहा है। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया था। कार्रवाई को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले भी मुकेश साहू के कबाड़ ठिकानों पर कार्रवाई की गई थी और आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई थी।

ताजा कार्रवाई के बाद जिले में अवैध कब्जा कर रहने वालों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।