नगर निगम साकेत भवन में लगी आग, शॉर्ट सर्किट से मचा हड़कंप, समय रहते आग पर पाया काबू

कोरबा। नगर निगम कोरबा के प्रशासनिक भवन साकेत में आज दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। घटना के समय कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

आग लगने की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने सतर्कता दिखाते हुए बिजली सप्लाई बंद कराई और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

बताया जा रहा है कि आग ज्यादा फैल नहीं सकी, जिसके कारण कार्यालय के महत्वपूर्ण दस्तावेज, फर्नीचर और अन्य सामान सुरक्षित बच गए। घटना की सूचना पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

निगम प्रशासन ने राहत की सांस लेते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई होने से किसी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ है।