कोरबा।सिविल लाइन थाना क्षेत्र के आरामशीन पारा काशी नगर में निर्माणाधीन तीन मंजिला मकान पर काम कर रहे एक मजदूर की 11 केवी हाईटेंशन लाइन से टकराकर गंभीर रूप से झुलसने की घटना हो गई। घायल मजदूर को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, पोड़ी निवासी 26 वर्षीय अजय चौहान ठेकेदार के अधीन मजदूरी कर रहा था। निर्माण कार्य के दौरान भाड़ा बनाते समय उसने गीली रस्सी फेंकी, जो पास से गुजर रही 11 केवी हाई टेंशन लाइन से टकरा गई। तेज विद्युत प्रवाह से अजय की पीठ और हाथ बुरी तरह झुलस गए। डॉक्टरों के अनुसार उसका करीब 40 प्रतिशत शरीर जल गया है। समय पर अस्पताल पहुंचने से उसकी जान बच गई, हालांकि स्थिति अभी भी गंभीर बताई जा रही है।
लापरवाही का आरोप
घटना में निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की पूरी अनदेखी सामने आई है। हाईटेंशन लाइन के बेहद करीब बिना शटडाउन लिए या कोई सुरक्षा इंतजाम किए निर्माण कार्य चलाया जा रहा था। स्थानीय लोगों ने बताया कि शहर में कई जगहों पर हाईटेंशन लाइन के नीचे बिना अनुमति के निर्माण कार्य हो रहे हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही सिविल लाइन क्षेत्र के बुधवारी में एक निर्माणाधीन मकान से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई थी। उसके बावजूद ठेकेदारों और भवन मालिकों ने कोई सबक नहीं लिया।
जिला अस्पताल प्रबंधन ने घटना की सूचना चौकी पुलिस को मेमो के माध्यम से दे दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ठेकेदार की भूमिका पर भी नजर रखी जा रही है। घायल अजय चौहान का इलाज जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
