कोरबा को मिली 22 नई डायल-112 वाहन,आपात सेवाएं होंगी और तेज

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने दिखाई हरी झंडी, आधुनिक तकनीक से लैस हैं वाहन

कोरबा।जिले में आपातकालीन सेवाओं को और अधिक मजबूत एवं त्वरित बनाने के उद्देश्य से 22 नई डायल-112 वाहनों को सेवा में शामिल किया गया।

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

डायल-112 फेज-दो (नेक्स्ट जेन) परियोजना के अंतर्गत प्रदेशभर में आधुनिक सुविधाओं से लैस 400 वाहनों की सौगात दी गई है, जिनमें से 22 वाहन कोरबा जिले को प्राप्त हुए हैं। इन वाहनों में आधुनिक कैमरा, डैश कैमरा, जीपीएस सिस्टम और स्मार्ट मोबाइल उपकरण जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे आपात स्थिति में नागरिकों को अधिक त्वरित और प्रभावी सहायता मिल सकेगी।

बताया गया कि डायल-112 सेवा के माध्यम से पुलिस, चिकित्सा, अग्निशमन, आपदा प्रबंधन, चाइल्ड हेल्पलाइन और महिला हेल्पलाइन जैसी विभिन्न आपात सेवाओं को एकीकृत किया गया है, ताकि नागरिकों को एक ही प्लेटफॉर्म पर समन्वित सहायता उपलब्ध हो सके।

कार्यक्रम के दौरान कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।