कुदमुरा में कैरियर गाइडेंस सेमिनार आयोजित, विद्यार्थियों को भविष्य निर्माण के दिए गए टिप्स

कोरबा। राठिया कंवर विकास समिति कोरबा के सौजन्य से कुदमुरा में कक्षा 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए कैरियर गाइडेंस सेमिनार का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को उनके भविष्य और रोजगार के अवसरों संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरपंच श्रीमती रचना महेश राठिया, ग्राम पटेल दुर्गा प्रसाद राठिया, एसएमडीसी अध्यक्ष नीरज मिश्रा तथा समिति के विद्वतजनों की उपस्थिति में आयोजन संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, छत्तीसगढ़ महतारी एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया।

सेमिनार में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को कला,विज्ञान,कॉमर्स, एग्रीकल्चर,आईटीआई,पॉलिटेक्निक,मेडिकल, इंजीनियरिंग, नर्सिंग,पैरामेडिकल,डिफेंस,डेटा साइंस,एआई,सीए, शिक्षण एवं शासकीय सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में कैरियर की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार विषय चयन करने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अभी से लक्ष्य निर्धारित करने की सलाह दी।

कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और रोजगार के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।

मुख्य अतिथि श्रीमती रचना महेश राठिया ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ग्राम प्रमुख दुर्गा प्रसाद राठिया ने विद्यार्थियों से संस्कारयुक्त जीवन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता दुबराज सिंह कंवर एवं नरेशचंद्र पटेल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रभारी प्राचार्य रागिनी रात्रे ने किया। उन्होंने इस आयोजन को विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के लिए मील का पत्थर बताया।