सुशासन शिविर में लोगों को मिली योजनाओं की जानकारी, 123 आवेदनों का मौके पर निराकरण

नगोई में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में राशन कार्ड, पेंशन और श्रवण यंत्र का वितरण

कोरबा। सुशासन तिहार के अंतर्गत पाली ब्लॉक के ग्राम पंचायत नगोई में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई गई।

शिविर में पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम, जिला पंचायत सदस्य कौशल नेटी, जनपद पंचायत सदस्य धर्मेन्द्र सिंह राज, सत्यनारायण पैकरा एवं उत्तम सिंह सहित कई ग्राम पंचायतों के सरपंच उपस्थित रहे।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शासन का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

कार्यक्रम के दौरान जनपद पंचायत द्वारा 7 हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किए गए, जबकि 4 लोगों को पेंशन स्वीकृति आदेश प्रदान किया गया। इसके अलावा 2 हितग्राहियों को श्रवण यंत्र भी वितरित किए गए।

शिविर में कुल 577 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 123 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया। इस क्लस्टर शिविर में नगोई, सैला, नानपुलाली, केराझरिया, जेमरा, रतखण्डी, भंडारखोल, पुलालीकला, मुढाली और ढुकुपथरा सहित 11 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए।