कुसमुंडा साइडिंग में मालगाड़ी बेपटरी, तीन घंटे बाधित रहा कोयला परिवहन

पटरी पर गिरे कोयले से बिगड़ा इंजन का संतुलन, 6 पहिए ट्रैक से उतरे

कोरबा।एसईसीएल की कुसमुंडा कामका साइडिंग में बुधवार देर रात एक मालगाड़ी बेपटरी हो गई, जिससे कोयला परिवहन कार्य प्रभावित रहा। घटना के बाद रेलवे और एसईसीएल की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर स्थिति को सामान्य किया। इस दौरान लगभग तीन घंटे तक परिवहन कार्य बाधित रहा।

जानकारी के अनुसार कुसमुंडा साइडिंग में मालगाड़ी में कोयला लोडिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान इंजन के पहिए अचानक पटरी से उतर गए। बताया जा रहा है कि ट्रैक पर बड़ी मात्रा में कोयला गिरा हुआ था, जिसकी परत पर इंजन चढ़ गया और उसका संतुलन बिगड़ गया।

परिणामस्वरूप मालगाड़ी के 6 पहिए ट्रैक से नीचे उतर गए।

घटना के तुरंत बाद चालक और साइडिंग कर्मचारियों ने अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेलवे एवं एसईसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया। रेलवे की एटीआर टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और काफी मशक्कत के बाद ट्रैक को पुनः बहाल किया गया।

घटना के बाद कुछ समय तक कोयला परिवहन प्रभावित रहा, हालांकि अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को जल्द नियंत्रित कर लिया।