नवापारा में गूंजा रामनाम, अखंड संकीर्तन सप्ताह का हुआ भव्य समापन

हवन-पूजन और भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, प्लास्टिक मुक्त आयोजन बना आकर्षण

कोरबा। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के करतला ब्लॉक अंतर्गत ग्राम नवापारा (चैनपुर) में आयोजित सात दिवसीय अखंड रामनाम सप्ताह संकीर्तन यज्ञ का श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ समापन हुआ। संकट मोचन हनुमान मंदिर प्रांगण में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान श्रीराम के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

समापन अवसर पर आचार्य पंडित गजानंद दुबे के मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष हवन-पूजन संपन्न कराया गया। मुख्य यजमानों सहित ग्रामीण श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

पूरे सप्ताह चले संकीर्तन में भक्तों ने रामनाम का गुणगान करते हुए भक्ति रस में डूबकर सहभागिता निभाई। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की भी व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

विशेष बात यह रही किआयोजन में प्लास्टिक मुक्त अभियान को बढ़ावा देते हुए जंगलों से प्राप्त दोना-पत्तल का उपयोग किया गया, जिसकी लोगों ने सराहना की।

आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।