एचटीपीपी कन्वेयर लाइन में सुरक्षा गार्ड पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर

कोरबा। कोरबा जिले में चोरी की घटनाओं के बीच अब सुरक्षा कर्मियों पर हमले की घटनाएं भी बढ़ने लगी हैं। मंगलवार रात एचटीपीपी-पश्चिम की कन्वेयर बेल्ट लाइन में ड्यूटी पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड पर अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार 19 मई की रात करीब 8 बजे कन्वेयर बेल्ट लाइन के 10 नंबर प्वाइंट पर तैनात सुरक्षा गार्ड रविंद्र पर कुछ लोगों ने रॉड और डंडों से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने गार्ड को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई और सिर फट गया।

घटना के बाद घायल गार्ड को तत्काल शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना को लेकर एचटीपीपी प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। आरोप लगाया जा रहा है कि कन्वेयर लाइन क्षेत्र में सुरक्षा कर्मियों की सुरक्षा भगवान भरोसे है और इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं।

स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने मांग की है कि कन्वेयर लाइन क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा पुलिस द्वारा नियमित रात्रि गश्त की व्यवस्था की जाए, ताकि वहां कार्यरत कर्मचारियों को सुरक्षित माहौल मिल सके।