नीलिमा दास ने नेशनल मीट में दो स्वर्ण सहित जीते चार पदक

68 वर्ष की उम्र में खेल प्रतिभा का दिखाया दम,शॉट पुट और जैवलिन थ्रो में स्वर्ण, 100 मीटर दौड़ में रजत और मिक्स्ड रिले में कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया कोरबा का मान

कोरबा। उम्र को महज एक आंकड़ा साबित करते हुए कोरबा की वरिष्ठ खिलाड़ी नीलिमा दास ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर में आयोजित नेशनल मीट में 68 वर्षीय नीलिमा ने चार पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया। उन्होंने 65 वर्ष आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हुए दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया।

प्रतियोगिता में नीलिमा दास ने शॉट पुट और जैवलिन थ्रो में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं 100 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीता। इसके अलावा मिक्स्ड रिले रेस में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।

नीलिमा दास कोरबा के एमआईजी-27, आरपी नगर फेज-2 की निवासी हैं। उनकी इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि खेल के प्रति जुनून, निरंतर अभ्यास और दृढ़ इच्छाशक्ति के सामने उम्र बाधा नहीं बनती।

राष्ट्रीय स्तर पर चार पदक जीतने की उनकी सफलता से कोरबा के खेल जगत में हर्ष का माहौल है। उनकी उपलब्धि अन्य खिलाड़ियों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी प्रेरणादायक है।