जेंजरा बाइपास में पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला युवक का शव, इलाके में सनसनी

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम जेंजरा बाइपास में उस समय सनसनी फैल गई, जब हरिकृष्णा हॉस्पिटल के पीछे एक युवक का शव बबूल के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान ढेलवाडीह निवासी शिवचरण साहू (35 वर्ष) के रूप में हुई है।

सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी और एएसआई राजेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक का शव पेड़ पर लटका हुआ मिला है। फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।