कोरबा।शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर निगम द्वारा लगातार सफाई अभियान चलाए जाने के दावों के बीच कालीबाड़ी से शांति विहार मुड़ापार जाने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। इस मार्ग के किनारे जगह-जगह कचरे और गंदगी का ढेर लगा हुआ है। इससे न केवल आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है, बल्कि इस रास्ते से आवागमन करने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में सफाई व्यवस्था के लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई है। घर-घर कचरा संग्रहण के लिए महिला स्वच्छता कर्मियों को ऑटो रिक्शा के माध्यम से प्रतिदिन मोहल्लों में भेजा जाता है। इसके अलावा सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई का भी प्रावधान है। इसके बावजूद कालीबाड़ी-शांति विहार मार्ग पर गंदगी का जमाव स्वच्छता व्यवस्था की जमीनी हकीकत बयां कर रहा है।
सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने की प्रवृत्ति और नागरिकों की लापरवाही भी इस समस्या को बढ़ावा दे रही है। शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल नगर निगम की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है। हालांकि, सार्वजनिक मार्गों पर फैली गंदगी की नियमित सफाई और निगरानी सुनिश्चित करना निगम की जिम्मेदारी है।
स्थानीय लोगों की सुविधा और स्वच्छ वातावरण के मद्देनजर इस मार्ग की तत्काल सफाई कराने के साथ ही यहां दोबारा कचरा जमा न हो, इसके लिए प्रभावी व्यवस्था किए जाने की जरूरत है।सवाल यह है कि जब शहर में नियमित सफाई अभियान चल रहा है, तो इस मार्ग की बदहाली पर जिम्मेदारों की नजर क्यों नहीं पड़ रही है?
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
