हीमोग्लोबिन, रक्तचाप व ब्लड शुगर की होगी मुफ्त जांच, अर्श-भगंदर, कब्ज, अम्लपित्त व उदर रोगों पर मिलेगा चिकित्सकीय परामर्श
कोरबा। विश्व पाइल्स दिवस (विश्व अर्श दिवस) के अवसर पर ‘स्वस्थ भारत समृद्ध भारत अभियान’ के अंतर्गत ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत निशुल्क आयुर्वेद-योग चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन 20 नवंबर, शुक्रवार को कोरबा में किया जाएगा। लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह शिविर पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय, दुकान क्रमांक 10-11, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड कोरबा में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा।
शिविर में हीमोग्लोबिन, रक्तचाप एवं रक्त शर्करा की जांच निशुल्क की जाएगी। इसके साथ ही स्त्री, पुरुष एवं बच्चों में होने वाले अर्श (बवासीर), भगंदर, कब्ज, अम्लपित्त तथा विभिन्न उदर रोगों के संबंध में आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं योग परामर्श प्रदान किया जाएगा।

लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के अध्यक्ष चिकित्सक नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया कि शिविर में संबंधित रोगों के लिए लाभकारी बताए जाने वाले अर्श हर क्वाथ का निशुल्क सेवन कराया जाएगा। मरीजों का त्रिविध प्रकार से स्वास्थ्य परीक्षण कर रोगों के नियंत्रण एवं उपचार के संबंध में परामर्श दिया जाएगा। इसके अलावा रोगियों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुरूप उपयोगी योगाभ्यास एवं प्राणायाम का व्यक्तिगत रूप से अभ्यास कराकर विशेष प्रायोगिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शिविर में रोगियों को स्वस्थ जीवनशैली, दिनचर्या, ऋतुचर्या तथा आहार-विहार संबंधी मार्गदर्शन भी व्यक्तिगत रूप से प्रदान किया जाएगा, ताकि वे दैनिक जीवन में स्वास्थ्य संबंधी उचित आदतों को अपनाने के प्रति जागरूक हो सकें।
पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्रशिक्षित चिकित्सक नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा शिविर में अपनी चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान करेंगे।
लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन ने अंचलवासियों से विश्व अर्श दिवस पर आयोजित इस निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। शिविर में पंजीयन एवं अन्य जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क कर जांच एवं परामर्श हेतु निर्धारित समय प्राप्त किया जा सकता है, जिससे शिविरार्थियों को सुविधा मिल सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
