एसईसीएल दीपका में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन, विजेताओं का सम्मान

कोरबा। एसईसीएल दीपका क्षेत्र में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम प्रगति नगर स्थित ऑफिसर्स क्लब में आयोजित किया गया। 16 नवंबर को हुए समारोह में सप्ताहभर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। आयोजन के माध्यम से ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में दीपका क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक शरद कुमार तिवारी तथा विशिष्ट उपस्थिति के रूप में महाप्रबंधक (खनन) नागेंद्र कुमार साहू शामिल हुए।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, श्रमवीर, संयुक्त सलाहकार समिति (जेसीसी) के अध्यक्ष एवं सदस्य, विद्यालयों के शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

रैली,सतर्कता रथ और प्रतियोगिताओं से दिया जागरूकता संदेश

दीपका क्षेत्र में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया गया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) की सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा दिलाई गई। सतर्कता जागरूकता रैली निकालने के साथ सतर्कता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इन गतिविधियों के जरिए आमजन को भी ईमानदारी, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया गया।

सप्ताहभर विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के लिए भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके अलावा निविदाकारों के साथ संवाद बैठक (बिडर्स मीट), कर्मचारियों के लिए शिकायत निवारण शिविर और परिधीय ग्रामों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, शिकायतों के समाधान और सतर्कता के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।

उत्कृष्ट प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर किया सम्मानित
समापन समारोह में सप्ताहभर आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। क्षेत्रीय महाप्रबंधक शरद कुमार तिवारी, महाप्रबंधक (खनन) नागेंद्र कुमार साहू, विभागाध्यक्षों एवं जेसीसी सदस्यों ने विजेताओं को सम्मानित किया। अधिकारियों ने प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी और उत्साह की सराहना की।

समारोह को संबोधित करते हुए शरद कुमार तिवारी एवं नागेंद्र कुमार साहू ने कहा कि किसी भी संस्थान की कार्यप्रणाली में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही का विशेष महत्व है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दैनिक कार्यों में नैतिक मूल्यों और सत्यनिष्ठा का पालन करते हुए भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

आयोजन के माध्यम से एसईसीएल दीपका क्षेत्र ने पारदर्शी, जवाबदेह और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही यह संदेश दिया गया कि सतर्कता केवल सप्ताहभर चलने वाला अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी के कार्य, व्यवहार और जिम्मेदारी में निरंतर दिखाई देने वाला संस्कार होना चाहिए।