एसईसीएल कुसमुंडा परियोजना में चोरों का धावा,40 हजार का सामान पार

एनके-1 साइडिंग के सैंपल प्रिप्रेशन और रेफरी रूम में कई बार चोरी; सीसीटीवी, पंखे, विद्युत उपकरण से लेकर सरकारी अभिलेख तक ले गए चोर

कोरबा। एसईसीएल की कुसमुंडा परियोजना में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए अज्ञात चोरों ने एनके-1 साइडिंग स्थित सैंपल प्रिप्रेशन रूम और रेफरी रूम को निशाना बनाया। 7 से 13 नवंबर के बीच अलग-अलग दिनों में हुई चोरी की घटनाओं में करीब 40 हजार रुपये मूल्य की सामग्री पार कर दी गई। चोर खिड़कियों के एल्युमिनियम फ्रेम, विद्युत उपकरण, पंखे, सीसीटीवी कैमरे और अन्य सामान के साथ महत्वपूर्ण आधिकारिक अभिलेख भी ले गए। मामले में कुसमुंडा पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, एसईसीएल कुसमुंडा के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि चोरों ने 7 नवंबर को एनके-1 कोल प्रिप्रेशन रूम से दो एल्युमिनियम सेपरेटिंग वॉल और आठ खिड़कियों के एल्युमिनियम फ्रेम चोरी किए। इस दौरान खिड़कियों के कांच भी तोड़ दिए गए। इसके बाद 10 नवंबर को रेफरी रूम से आठ खिड़कियों के एल्युमिनियम फ्रेम और एक एल्युमिनियम सेपरेटिंग वॉल पार कर दी गई।

चोरी का सिलसिला यहीं नहीं थमा। 11 नवंबर को चोरों ने फिर तीन एल्युमिनियम सेपरेटिंग वॉल और तीन खिड़कियों के फ्रेम चोरी किए। इस दौरान विद्युत वायरिंग और गुणवत्ता विभाग के कर्मचारियों के उपयोग की सामग्री को भी नुकसान पहुंचाया गया।

वहीं, 12 और 13 नवंबर की रात चोरों ने रेफरी रूम से विद्युत तार, दो विद्युत बोर्ड, दो फावड़े, एक लोहे का कोल क्वार्टरिंग डिवाइडर, पांच धातु की ट्रे, पांच कुर्सियां, दो सीलिंग फैन, एक वॉल फैन, दो हैलोजन बल्ब, एक सामान्य लाइट, एक धातु का रेक और एक कूलर चोरी कर लिया।

इसके अलावा दो सीसीटीवी कैमरे और एक अलमारी भी गायब मिली। बताया गया है कि अलमारी में आधिकारिक परिवहन एवं निस्तारण से संबंधित अभिलेख रखे हुए थे।

वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने पुलिस से मामले में विस्तृत जांच कर चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान करने, चोरी गई सामग्री और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की बरामदगी करने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

लगातार कई दिनों तक हुई चोरी की घटनाओं ने परियोजना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।