धान की फसल और उपार्जन केंद्रों में रखे धान को सुरक्षित रखने के निर्देश, किसानों से तिरपाल से ढंककर रखने की अपील; एसडीआरएफ और बचाव दल तैयार
कोरबा।बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से कोरबा जिले में 20 और 21 नवंबर को मौसम बिगड़ने की संभावना है। मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार इन दो दिनों में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। विशेष रूप से किसानों और धान उपार्जन केंद्रों के प्रभारियों को फसल एवं उपार्जित धान की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने उपार्जन केंद्रों में खुले में रखे धान को चबूतरों पर सुरक्षित रखने तथा कैप कवर और तिरपाल से पूरी तरह ढंकने को कहा है। साथ ही केंद्रों में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था करने और धान के उठाव में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बारिश से धान को नुकसान न पहुंचे। इन व्यवस्थाओं की निगरानी केंद्रों के नोडल अधिकारी और समिति प्रबंधक करेंगे।
किसानों को फसल सुरक्षित रखने की सलाह
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि खेतों और खलिहानों में रखी कटी हुई धान फसल को तिरपाल से ढंककर ऊंचे एवं सुरक्षित स्थान पर रखें। उपार्जन केंद्रों तक धान पहुंचाते समय भी उसे अच्छी तरह ढंककर लाएं। मौसम की स्थिति को देखते हुए 20 और 21 नवंबर को धान की कटाई, मिंजाई और परिवहन की योजना सावधानीपूर्वक बनाएं। पशुधन को भी निचले इलाकों से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने फसल नुकसान की स्थिति में बीमित किसानों को 72 घंटे के भीतर बीमा कंपनी को सूचना देने तथा क्षति की जानकारी संबंधित तहसील कार्यालय में भी दर्ज कराने को कहा है।
गांवों में मुनादी, अधिकारी-कर्मचारी मुख्यालय में रहेंगे
मौसम की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहकर आपात परिस्थितियों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। राहत शाखा के प्रभारी अधिकारी अपर कलेक्टर ओमकार यादव और डिप्टी कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज आपदा प्रबंधन एवं राहत संबंधी व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। गांवों में कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराकर लोगों को मौसम की चेतावनी दी जा रही है। पंचायत सचिव और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी भी किसानों को जरूरी सावधानियों की जानकारी दे रहे हैं।
नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से तेज हवा और बारिश के दौरान घरों के भीतर रहने की अपील की है। पेड़ों, जर्जर मकानों, कमजोर दीवारों और होर्डिंग के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है। बिजली के खंभों, तारों और जलभराव वाले स्थानों में डूबे विद्युत उपकरणों से दूर रहने की सलाह दी गई है। उफनती नदियों, नालों, रपटों और पुलों को पार करने का प्रयास नहीं करने तथा जर्जर कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को सुरक्षित भवनों या राहत केंद्रों में जाने की हिदायत दी गई है।
बचाव दल अलर्ट, बांध और बैराज की निगरानी
जिला प्रशासन के अनुसार आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षित राहत केंद्रों के रूप में भवन चिह्नित किए गए हैं। एसडीआरएफ, होमगार्ड और बचाव दल को अलर्ट पर रखा गया है। स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों के साथ एंटी-स्नेक वेनम का पर्याप्त भंडार रखने की व्यवस्था की गई है। वहीं हसदेव बांगो बांध और दर्री बैराज की लगातार निगरानी की जा रही है।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
आपदा शाखा नियंत्रण कक्ष, जिला कोरबा (24 घंटे) : 7759228548
एम्बुलेंस सेवा : 108 / 102
आपातकालीन सेवा : 112
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और मौसम संबंधी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
