कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र के सीतामणी इलाके में महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। आरोप है कि 15 से अधिक बदमाश घर में घुस आए और महिलाओं के साथ जमकर मारपीट की।
घटना में नैना गोस्वामी सहित दो महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं, जिनके सिर में कई टांके लगाने पड़े। मामले की शिकायत कोतवाली थाना और एसपी कार्यालय में की गई है।
जानकारी के अनुसार नैना गोस्वामी अपनी बहन और परिवार के साथ सीतामणी क्षेत्र में रहती हैं। घटना के दौरान बदमाश समूह में उनके घर पहुंचे और पुराने विवाद को लेकर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने नैना, उनकी बहन, जीजा और बच्चों के साथ मारपीट की तथा अभद्रता भी की। शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल अवस्था में नैना गोस्वामी कोतवाली थाना पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई। बाद में उन्होंने एसपी कार्यालय पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी लगातार धमकी दे रहे हैं और पुरानी शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहे हैं।
पीड़ितों ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपियों के आने-जाने और घटना से जुड़े फुटेज मौजूद हैं, जिन्हें पुलिस को सौंप दिया गया है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
