कोरबा। एनटीपीसी कोरबा ने अपने प्रमुख सामुदायिक विकास कार्यक्रम बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM 7.0) के सातवें संस्करण का शुभारंभ किया। चार सप्ताह की पूर्णतः आवासीय कार्यशाला के माध्यम से 10 से 12 वर्ष आयु वर्ग की 122 बालिकाओं को आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और समग्र विकास के अवसर प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना प्रमुख किशोर चंद्र पात्रा ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारी, मैत्री महिला समिति की सदस्याएं, सीआईएसएफ प्रतिनिधि, कर्मचारी, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी, अभिभावक और स्थानीय समुदाय के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पंजीकरण समारोह से हुई, जिसमें प्रतिभागियों को GEM किट वितरित की गई। मैत्री महिला समिति ने भी बालिकाओं के लिए विशेष किट वितरण कर उनका उत्साह बढ़ाया। उद्घाटन समारोह में बालिकाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, वहीं पूर्व प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस अभियान ने उनके व्यक्तित्व और आत्मविश्वास को नई पहचान दी।
परियोजना प्रमुख किशोर चंद्र पात्रा ने कहा कि GEM केवल प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि बालिकाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस देने वाला मंच है। उन्होंने कहा कि एक बालिका का सशक्तिकरण पूरे समाज को मजबूत बनाता है।
चार सप्ताह के दौरान प्रतिभागियों को शैक्षणिक सुदृढ़ीकरण, कंप्यूटर शिक्षा, योग, खेलकूद, आत्मरक्षा, कला, संगीत, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, संचार कौशल, समय प्रबंधन, नेतृत्व विकास और व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
एनटीपीसी कोरबा द्वारा संचालित इस अभियान से अब तक लगभग 660 बालिकाएं लाभान्वित हो चुकी हैं। इनमें कई छात्राएं उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने समुदाय में प्रेरणास्रोत बन चुकी हैं। अब तक 41 विद्यालयों और 36 गांवों एवं शहरी वार्डों की बालिकाएं इस अभियान से जुड़ चुकी हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
