भीषण गर्मी में युवकों का ‘देसी कूलिंग जुगाड़’ वायरल, बाइक पर रखी पानी की बाल्टी

कोरबा । कोरबा जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और तेज धूप से लोग परेशान हैं। बढ़ते तापमान के बीच गर्मी से राहत पाने के लिए लोग अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। इसी बीच शहर के कुछ युवकों का अनोखा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में दो युवक स्पोर्ट्स बाइक पर सवार होकर शहर की सड़कों पर घूमते नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि बाइक के बीच में पानी से भरी एक बड़ी सफेद बाल्टी रखी हुई है। पीछे बैठा युवक डिब्बे से पानी निकालकर कभी खुद पर तो कभी बाइक चला रहे युवक पर डालता दिखाई दे रहा है।

वीडियो में “चुभती जलती गर्मी का मौसम आया” और “ठंडा ठंडा कूल-कूल” जैसे गानों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे वीडियो और भी आकर्षक बन गया है। एक दृश्य में युवक नगर निगम के पहिएनुमा आर्टवर्क पर बैठकर पानी डालते हुए भी नजर आ रहे हैं।

“कोरबा गर्मी” कैप्शन के साथ साझा किए गए इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोगों ने इसे गर्मी से राहत पाने का “देसी जुगाड़” बताया, जबकि कुछ लोगों ने चलती बाइक पर इस तरह की हरकत को खतरनाक करार दिया।

हालांकि वीडियो मनोरंजन का विषय बना हुआ है, लेकिन सड़क पर इस तरह का स्टंट हादसे का कारण भी बन सकता है। पुलिस और प्रशासन लगातार लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की अपील कर रहे हैं।