स्टरलाइट एडइंडिया फाउंडेशन और कमला नेहरू कॉलेज के बीच हुआ एमओयू

कोरबा।स्टरलाइट एडइंडिया फाउंडेशन और कमला नेहरू कॉलेज के बीच मंगलवार को एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य शिक्षक शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण कार्यों को बढ़ावा देना और छात्राध्यापकों के शैक्षणिक विकास के लिए संयुक्त पहल करना है।

कार्यक्रम में स्टरलाइट एडइंडिया फाउंडेशन की ओर से रितेश एवं रघुनाथन नायर उपस्थित रहे। वहीं कमला नेहरू कॉलेज की ओर से प्राचार्य, पीएसटी इंचार्ज डॉ. भारती कुलदीप, नितेश सहित अन्य फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे।

एमओयू के तहत शिक्षक शिक्षा, प्रशिक्षण और अकादमिक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान एडइंडिया के प्रतिनिधियों ने कॉलेज के शिक्षकों का उन्मुखीकरण भी किया और पूरे शैक्षणिक वर्ष में आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की रूपरेखा साझा की।

बताया गया कि स्टरलाइट एडइंडिया पिछले चार वर्षों से छत्तीसगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रही है। संस्था द्वारा सेवा पूर्व छात्र-शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ डाटा एनालिटिक्स प्रोग्राम के माध्यम से शिक्षा संबंधी निर्णय लेने में सरकार को सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

मार्च माह में एडइंडिया द्वारा आयोजित शिक्षण योजना प्रतियोगिता में कमला नेहरू कॉलेज ने इंटर कॉलेज प्रतियोगिता में सक्रिय भागीदारी निभाई थी।

कार्यक्रम के दौरान कॉलेज प्राचार्य ने आश्वासन दिया कि छात्राध्यापकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए कॉलेज सदैव तत्पर रहेगा और एडइंडिया फाउंडेशन को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।