मारपीट मामले में हत्या के प्रयास की धारा जुड़ी, दो आरोपी गिरफ्तार

कोरबा-दीपका। थाना दीपका पुलिस ने मारपीट के एक मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में विवेचना के दौरान हत्या के प्रयास की धारा जोड़कर कार्रवाई की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी राहुल सिंह ने थाना दीपका में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 अप्रैल 2026 को ड्यूटी से वापस घर लौटते समय क्रांति दुकान के पास आरोपी राहुल सिंह, चन्दन सिंह और उनके अन्य साथी कार से पहुंचे।

आरोपियों ने प्रार्थी को रास्ते में रोककर जमीन पर गिरा दिया और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। इसी दौरान आसपास लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना में घायल प्रार्थी ने उपचार कराने के बाद थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि विवेचना के दौरान मामले में हत्या के प्रयास की धारा 109(1) जोड़ी गई।

पुलिस ने आरोपी चन्दन सिंह पिता सत्येंद्र सिंह (25 वर्ष) एवं राहुल सिंह पिता सिकंदर सिंह (24 वर्ष), दोनों निवासी मानियाराडीह थाना नवीनगर जिला औरंगाबाद (बिहार), हाल मुकाम झाबर थाना दीपका को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।