कोरबा। पोड़ी-उपरोड़ा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोनकोना अंतर्गत आश्रित ग्राम घोघरा में फ्लाई ऐश डंपिंग को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि एक निजी कंपनी द्वारा भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड से लाई जा रही राखड़ को बंद पड़ी गिट्टी खदान में नियमों की अनदेखी करते हुए डंप किया जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में प्रदूषण का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों के अनुसार राखड़ डंपिंग स्थल पर पानी का नियमित छिड़काव नहीं किया जा रहा है। हाल ही में आए तेज आंधी-तूफान के दौरान राखड़ उड़कर घरों, खेतों और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंच गई। लोगों का कहना है कि हल्की हवा चलते ही घरों के भीतर राख की परत जम जाती है और खाने-पीने की वस्तुएं भी प्रभावित हो रही हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि राखड़ की महीन धूल से बच्चों और बुजुर्गों में खांसी, आंखों में जलन और सांस संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। लोग दरवाजे और खिड़कियां बंद रखने को मजबूर हैं, लेकिन इसके बावजूद राख घरों के अंदर पहुंच रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा पर्यावरणीय मानकों और सुरक्षा उपायों की अनदेखी कर मनमाने तरीके से राखड़ पटिंग कराई जा रही है। जिस स्थान पर फ्लाई ऐश डंप की जा रही है, उसके समीप कृषि भूमि और तान नदी स्थित है, जिससे खेतों और जलस्रोतों पर भी खतरामंडराने लगा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार जनदर्शन, समाधान शिविर और एसडीएम कार्यालय में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग कार्रवाई के बजाय ठेकेदार को संरक्षण दे रहा है।
ग्रामवासियों ने प्रशासन से तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और फ्लाई ऐश प्रबंधन नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि जल्द समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
