नशामुक्ति और स्वस्थ जीवनशैली के लिए जागरूकता अभियान शुरू, गांव-गांव पहुंचेगा रथ

हील योर माइंड, हील योर लाइफ का हुआ शुभारंभ

कोरबा। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को नशे के दुष्परिणामों और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नशामुक्ति अभियान की शुरुआत की गई है।

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय एवं रोटरी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में “हील योर माइंड, हील योर लाइफ” अभियान का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति रथ का लोकार्पण कर उसे जनजागरूकता अभियान के लिए रवाना किया गया। बताया गया कि यह रथ आगामी दो वर्षों तक ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को नशामुक्ति, तनावमुक्त जीवन और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेगा।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. सचिन परब ने कहा कि स्वस्थ जीवन की शुरुआत स्वस्थ मन से होती है। उन्होंने तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच, मेडिटेशन और आत्मशक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मजबूत मानसिकता जीवन की चुनौतियों को अवसर में बदल सकती है।

इस अवसर पर हरीश दुहन ने कहा कि नशामुक्त, तनावमुक्त और सकारात्मक समाज का निर्माण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वहीं बी.के. रुक्मणी ने राजयोग मेडिटेशन एवं आत्मचिंतन के माध्यम से व्यसनों पर नियंत्रण पाने के उपाय बताए।

नितिन चतुर्वेदी ने कहा कि रोटरी क्लब समाजहित और मानव सेवा के कार्यों में लगातार सक्रिय रहा है तथा यह अभियान युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में सहायक होगा।

कार्यक्रम में डॉ. एस.एन. केसरी सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।