तड़के मानिकपुर खदान पहुंचे एसईसीएल सीएमडी हरीश दुहन, उत्पादन और मानसून तैयारियों की समीक्षा

कोरबा। साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के सीएमडी हरीश दुहन ने सोमवार तड़के कोरबा क्षेत्र का दौरा कर मानिकपुर ओपनकास्ट परियोजना सहित विभिन्न परिचालन गतिविधियों का निरीक्षण किया। सुबह 6 बजे शुरू हुए दौरे के दौरान उन्होंने उत्पादन, उत्पादकता, गुणवत्ता प्रबंधन एवं मानसून पूर्व तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

मानिकपुर परियोजना में निरीक्षण के दौरान सीएमडी ने खदान में चल रहे उत्पादन कार्य, मशीनों की कार्यक्षमता तथा गुणवत्ता मानकों का स्थल पर जाकर जायजा लिया। उन्होंने मानसून को ध्यान में रखते हुए जल निकासी व्यवस्था, हॉल रोड की स्थिति, मशीनों की उपलब्धता, सुरक्षा प्रबंधन एवं परिचालन तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

श्री दुहन ने अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद करते हुए बेहतर समन्वय, सतर्कता और कार्यकुशलता के साथ काम करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पादन एसईसीएल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और निर्धारित उत्पादन लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए परिचालन दक्षता बनाए रखना आवश्यक है।

दौरे के बाद टीम कोरबा के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में आगामी उत्पादन लक्ष्य, मानसून रणनीति, परिचालन योजनाएं एवं उत्पादकता वृद्धि से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में संसाधनों के प्रभावी उपयोग और योजनाबद्ध कार्यप्रणाली के साथ लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

इस अवसर पर जे. एकाम्बरम, यू. एन. झा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।