कोरबा। हसदेव नदी एवं प्राकृतिक जल स्रोतों की स्वच्छता, संरक्षण और तटों के सौंदर्यीकरण के लिए पिछले तीन वर्षों से निरंतर सक्रिय नमामि हसदेव सेवा समिति की ओर से देव दीपावली पर भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में समिति ने कोरबा प्रेस क्लब के तिलक भवन में पत्रकार वार्ता आयोजित कर आगामी कार्यक्रमों एवं नदी संरक्षण से जुड़ी कार्ययोजनाओं की जानकारी साझा की।
समिति के कार्यकारी अध्यक्ष रणधीर पांडे एवं सचिव यशवंत कुमार मिश्रा ने बताया कि कार्तिक मास के पावन अवसर पर 22 से 24 नवंबर तक मां सर्वमंगला मंदिर घाट पर श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। महायज्ञ के समापन अवसर पर कार्तिक पूर्णिमा अर्थात देव दीपावली के दिन भव्य मां हसदेव महाआरती आयोजित होगी।
महाआरती में साध्वी प्रज्ञा भारती की विशेष उपस्थिति
इस वर्ष महाआरती का विशेष आकर्षण निर्मोही अखाड़ा, चित्रकूट से जुड़ीं दीदी मां साध्वी प्रज्ञा भारती होंगी। नदियों के संरक्षण और आरती अभियानों के लिए विख्यात साध्वी प्रज्ञा भारती स्वयं महाआरती में शामिल होकर आरती संपन्न करेंगी। आयोजन को लेकर समिति द्वारा तैयारियां की जा रही हैं।
पत्रकार वार्ता में समिति के संरक्षक श्रेष्ठ सिंह ठाकुर, अध्यक्ष चंद्रकिशोर श्रीवास्तव एवं सह-सचिव विजय राठौर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
समिति ने कोरबावासियों से 22 से 24 नवंबर तक मां सर्वमंगला मंदिर घाट पर आयोजित महायज्ञ तथा कार्तिक पूर्णिमा की भव्य महाआरती में शामिल होकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
