स्कूलों के आसपास तंबाकू बिक्री पर 15 दुकानदारों पर कार्रवाई

कोरबा।स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने अभियान चलाकर 15 दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की है। जिले के चार थाना एवं चौकी क्षेत्रों में जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दुकानदारों के चालान काटे गए। सभी के विरुद्ध कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान और तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर नियंत्रण के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विशेष रूप से स्कूलों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के आसपास संचालित दुकानों की जांच की जा रही है, ताकि प्रतिबंधित दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर अंकुश लगाया जा सके।

अभियान के दौरान दर्री थाना क्षेत्र में चार दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। वहीं, कुसमुंडा थाना क्षेत्र में चार, बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में चार तथा सर्वमंगला चौकी क्षेत्र में तीन दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस तरह कुल 15 दुकानदारों को नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई का सामना करना पड़ा।

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने के लिए निगरानी और जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने तथा संबंधित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।