बालको और जिला प्रशासन मिलकर बनाएंगे फोरलेन सड़क, पुलों की भी होगी मरम्मत

बालकोनगर। कोरबा जिले में सड़क अधोसंरचना विकास को नई गति देते हुए जिला प्रशासन ने बजरंग चौक से रिसदा पुल (परसाभाठा मार्ग) के उन्नयन कार्य को आगे बढ़ाया है। इस महत्वपूर्ण परियोजना में भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड सहयोगी भागीदार के रूप में जुड़ा है।

यह मार्ग परसाभाठा, नेहरू नगर, भद्रापारा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है। सड़क जामबहार समुदाय को रूमगरा समुदाय से जोड़ते हुए बालको–कोरबा और बालको–कटघोरा के बीच अहम कड़ी का कार्य करती है। साथ ही यह मार्ग भविष्य में भारत सरकार की भारतमाला परियोजना से भी जुड़ाव प्रदान करेगा।

परियोजना के अंतर्गत फोरलेन सीमेंट कंक्रीट (सीसी) सड़क का निर्माण किया जाएगा। सड़क के मध्य डिवाइडर, आधुनिक स्ट्रीट लाइट, सुव्यवस्थित ड्रेनेज सिस्टम सहित अन्य नागरिक सुविधाओं का भी विकास होगा। इससे क्षेत्र में सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित होने के साथ स्थानीय नागरिकों के जीवनस्तर में सुधार आएगा।

इसके साथ ही बेलगिरी एवं रिसदा पुल के मरम्मत कार्य भी जिला प्रशासन द्वारा बालको के सहयोग से कराए जाएंगे।

परियोजना से ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

जिला प्रशासन द्वारा इस परियोजना का क्रियान्वयन किया जाएगा, जिससे गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित हो सके। बालको ने पूर्व में भी लालघाट सड़क, बजरंग चौक से रेलवे क्रॉसिंग मार्ग तथा बालको थाना से सेक्टर-4 वन विभाग बैरियर तक सड़क नवीनीकरण जैसे कई विकास कार्यों में सहयोग किया है।

इसके अलावा यातायात सुविधा बढ़ाने के लिए एल्यूमिना गेट पर दोपहिया पार्किंग, कोयला ट्रकों के लिए कोल गेट एवं फ्लाई ऐश पॉन्ड क्षेत्र में पार्किंग और भारी वाहनों के लिए अतिरिक्त पार्किंग सुविधाओं का निर्माण भी कराया गया है।

बालकोनगर में नेहरू पार्क, बालको स्टेडियम, आधुनिक अस्पताल, विद्यालय, चौड़ी सड़कें, फुटपाथ, फॉरेस्ट वॉक-वे, जुबली पार्क का सौंदर्यीकरण एवं नए इंडियन कॉफी हाउस जैसी सुविधाओं के माध्यम से क्षेत्र के सामाजिक एवं नागरिक विकास को नई दिशा मिल रही है।