कोरबा।मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन के प्रति जागरूकता लाने के लिए भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला कोरबा की टीम सक्रिय हो गई है। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ तथा यूनिसेफ के संयुक्त तत्वाधान में “तारुण्य वार्ता” हैशटैग #पीरियड्स_पर_खुलकर अभियान शुरू किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी तामेश्वर उपाध्याय एवं जिला मुख्य आयुक्त मोहम्मद सादिक शेख के मार्गदर्शन में कार्ययोजना तैयार की गई है। जिला संगठन आयुक्त द्वय डीगम्बर सिंह कौशिक, उत्तरा मानिकपुरी एवं सीनियर गाइड केप्टिन पुष्पा शांडिल्य के नेतृत्व में रोवर्स, रेंजर्स, सीनियर स्काउट्स- गाइड्स एवं अन्य लीडर्स द्वारा जागरूकता कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है।
पहले चरण में कलेक्टर सहित प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों से भेंट कर अभियान की जानकारी दी गई और उनका संदेश रिकॉर्ड किया गया। रोवर्स एवं रेंजर्स द्वारा पोस्टर्स एवं ब्रेसलेट्स तैयार किए गए हैं। छात्रों, युवाओं तथा समाज के हर वर्ग को मासिक धर्म को लेकर खुलकर चर्चा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी कैंपेन चलाया जा रहा है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य किशोरों में मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना, मिथकों को दूर करना और लड़कों व पुरुषों की जिम्मेदार भागीदारी सुनिश्चित करना है। अभियान का समापन 28 मई को विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर होगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
