कोरबा।पंचायत उपचुनाव के दौरान उस समय लोगों की नजरें ठहर गईं जब भाजपा नेता एवं जनपद सदस्य अक्षय गर्ग हत्याकांड का मुख्य आरोपी मुस्ताक अहमद भारी पुलिस सुरक्षा के बीच हथकड़ी पहनकर नामांकन दाखिल करने पहुंचा।
जानकारी के अनुसार मुस्ताक अहमद को बिलासपुर सेंट्रल जेल से कोर्ट की विशेष अनुमति पर पोड़ी उपरोड़ा जनपद कार्यालय लाया गया, जहां उसने पंचायत उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। वह उसी क्षेत्र से चुनाव लड़ रहा है, जहां से स्वर्गीय अक्षय गर्ग जनप्रतिनिधि थे।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष दिसंबर में राजनीतिक और व्यावसायिक विवादों के चलते अक्षय गर्ग की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने मुस्ताक अहमद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जहां वह वर्तमान में निरुद्ध है।
बताया जा रहा है कि बिंझरा बीडीसी क्षेत्र में इस घटना के बाद पद रिक्त हुआ था। भाजपा ने अभी तक आधिकारिक रूप से किसी प्रत्याशी को समर्थन नहीं दिया है, हालांकि पार्टी विचारधारा से जुड़े पांच लोगों ने नामांकन दाखिल किया है। प्रत्याशियों की अंतिम स्थिति 21 मई को नाम वापसी के बाद स्पष्ट होगी।
क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं और हत्या कांड का प्रभाव भी चुनावी माहौल पर साफ दिखाई दे रहा है। अब 10 जून को होने वाले मतदान में मतदाता अपने नए बीडीसी प्रतिनिधि का चयन करेंगे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जिले और प्रदेश में सत्तारूढ़ दल की अनुकूल स्थिति का लाभ भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को मिल सकता है। वहीं क्षेत्र की जनता अपराध और विवादों से दूर स्थिर नेतृत्व चाहती है, जिससे चुनावी मुकाबला रोचक माना जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
