बारिश से पहले खराब सड़कें हों दुरुस्त, लापरवाही पर एजेंसियां होंगी ब्लैकलिस्ट : लखनलाल

कोरबा। लखनलाल देवांगन ने नगर निगम के कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में बारिश से पहले शहरी क्षेत्र की खराब सड़कों की मरम्मत पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि डामर उपलब्ध नहीं होने का बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक संसाधनों का उपयोग किया जाए।

बैठक में यह जानकारी सामने आई कि कई विकास कार्यों की स्वीकृति, टेंडर एवं राशि आबंटन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन वैश्विक परिस्थितियों और डामर की कमी के कारण कार्य शुरू नहीं हो पा रहे हैं। इस पर मंत्री ने अधिकारियों को उच्च स्तर पर समन्वय कर समाधान निकालने और सड़कों की स्थिति जल्द सुधारने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बरसात से पहले नालों एवं नालियों के निर्माण कार्य अनिवार्य रूप से पूरे किए जाएं। साथ ही जिन निर्माण एजेंसियों द्वारा कार्यों में लापरवाही बरती जा रही है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी भी दी।

उद्योग मंत्री ने कोसाबाड़ी, पंडित रविशंकर शुक्ल नगर एवं बालको जोन के अधिकारियों और वार्ड पार्षदों के साथ बैठक कर विभिन्न मदों से स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में परिणाम दिखना चाहिए, केवल बहाने नहीं।

बैठक के दौरान पेयजल आपूर्ति और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी और बिजली से संबंधित शिकायतों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर संजू देवी राजपूत ने निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की बात कही। बैठक में पार्षदों, एमआईसी सदस्यों एवं नगर निगम अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।