नीट परीक्षा रद्द होने से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित : रजनीश तिवारी

कोरबा। नीट यूजी परीक्षा में पेपर लीक की घटना के बाद परीक्षा रद्द होने से उत्पन्न स्थिति को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री एवं रायगढ़ जिला प्रभारी रजनीश तिवारी ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) तथा कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत को पत्र लिखकर चिंता व्यक्त की है।

रजनीश तिवारी ने अपने पत्र में कहा है कि 3 मई 2026 को आयोजित नीट यूजी परीक्षा में देशभर के लगभग 22 से 23 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था, लेकिन पेपर लीक की घटना ने पूरी परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

उन्होंने कहा कि लाखों छात्र पूरे वर्ष मेहनत और तैयारी में जुटे रहते हैं। ऐसे में परीक्षा रद्द होना और प्रश्नपत्र लीक होने की घटना छात्रों एवं अभिभावकों के लिए मानसिक और आर्थिक रूप से बड़ा झटका है।

कांग्रेस नेता ने मांग की है कि केवल परीक्षा रद्द करना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि पेपर लीक नेटवर्क, एनटीए की जवाबदेही तथा पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि भविष्य में ऐसी परीक्षाएं किसी विश्वसनीय सरकारी संस्थान के माध्यम से आयोजित कराई जाएं।

रजनीश तिवारी ने कहा कि जब परीक्षा में सफलता की उम्मीद लगाए छात्रों को परीक्षा रद्द होने की जानकारी मिलती है तो उनमें सिर्फ निराशा ही नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम के प्रति अविश्वास की भावना भी पैदा होती है।