जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं का हुआ सम्मान

कोरबा। कर्मा तेजस्वी खेल विकास संगठन द्वारा आयोजित पांच दिवसीय जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता के अंतर्गत ताइक्वांडो, बॉक्सिंग, शतरंज, कबड्डी, योगा एवं वॉलीबॉल जैसी विभिन्न खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

पुरस्कार वितरण समारोह में राजेश गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ पार्षद इस्तिखार अली, हर्षित देवी राजपूत, आकाश साहू, अविनाश यादव, धीरेन्द्र तिवारी, कांग्रेस सांसद प्रतिनिधि तनवीर अहमद, प्रदेश सह सचिव रजनीश तिवारी, गौरी चक्रवर्ती एवं प्रिया पटेल सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, बच्चे एवं अभिभावक मौजूद रहे।

अतिथियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का संचालन संगठन की सचिव भुवनेश्वरी जायसवाल ने किया, जबकि अध्यक्षा रेणु तिवारी ने आभार प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर संगठन की उपाध्यक्ष एवं खेल शिक्षिका वेदिका साहू की मेहनत और लगन की अतिथियों ने सराहना करते हुए उनके कार्य को प्रेरणादायी बताया।