गर्मी में बढ़ी बिजली गुल होने की समस्या, मानसून पूर्व तैयारियों में जुटा विभाग

कोरबा। गर्मी के मौसम में इस बार भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली गुल होने की समस्या लगातार बढ़ रही है। परंपरागत रूप से हर वर्ष सामने आने वाली विद्युत अनापूर्ति के पीछे प्राकृतिक कारणों के साथ-साथ शॉर्ट सर्किट को भी प्रमुख वजह माना जा रहा है।

बिजली आपूर्ति बाधित होने की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए विद्युत विभाग ने मानसून पूर्व आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके अंतर्गत बिजली लाइनों के आसपास पेड़ों की टहनियों की छंटाई कराई जा रही है ताकि बारिश और तेज हवा के दौरान फॉल्ट की स्थिति कम हो सके। साथ ही कई स्थानों पर झूलते हुए हँगिंग केबल को ऊंचा करने का कार्य भी किया जा रहा है।

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए तकनीकी सुधार कार्य लगातार किए जा रहे हैं।

लोगों से अपील की गई है कि बिजली आपूर्ति बंद होने की स्थिति में स्वयं मरम्मत करने या मेकेनिक बनने की कोशिश न करें, बल्कि तत्काल विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से समस्या का समाधान किया जा सके।