समाधान योजना से सीएसईबी को मिले 46 करोड़, जिले में अब भी 405 करोड़ बकाया

कोरबा। पावर सिटी कोरबा सहित जिलेभर में बिजली उपभोक्ताओं पर वर्तमान में करीब 405 करोड़ रुपए का बकाया है। इसमें सरकारी एवं गैर सरकारी विभागों के साथ उद्योग और सामान्य उपभोक्ता भी शामिल हैं। बकाया राजस्व की वसूली के लिए वितरण कंपनी ने अभियान तेज कर दिया है।

सीएसईबी वितरण कंपनी के अंतर्गत आने वाले कोरबा शहरी, कोरबा ग्रामीण और कटघोरा वितरण संभाग में बकाया वसूली को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

विभाग द्वारा पहले उपभोक्ताओं को बकाया राशि जमा करने के लिए जागरूक किया गया। इसके बाद शासन द्वारा समाधान योजना लागू की गई, जिसके तहत पेनाल्टी माफ करने और शेष राशि को आसान किस्तों में जमा करने की सुविधा दी गई।

योजना के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाकर उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनी गईं और बिल संबंधी शंकाओं का समाधान किया गया। विभागीय अधिकारियों ने तकनीकी स्तर पर भी जांच कर उपभोक्ताओं को जानकारी दी कि बिल में त्रुटि है अथवा लंबे समय तक भुगतान नहीं किए जाने के कारण बकाया बढ़ा है।

विभाग का कहना है कि नए अधिकारियों की पदस्थापना के बाद अब बकाया वसूली अभियान को और तेज किया जा रहा है।

सीएसईबी वितरण कंपनी के अधीक्षण अभियंता राजकुमार सोनकर ने बताया कि कुछ समय पहले जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को मिलाकर कुल बकाया राशि 451 करोड़ रुपए थी। समाधान योजना लागू होने और जागरूकता अभियान के चलते अब तक 46 करोड़ रुपए की वसूली की जा चुकी है। वर्तमान में विभाग को 405 करोड़ रुपए की राशि वसूल करनी है।