कोटमी सोनार में 20 लाख की बड़ी चोरी, सूने मकान से जेवर-नगदी पार, ग्रामीणों में दहशत

जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोटमी सोनार में देर रात हुई बड़ी चोरी की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवर, नगदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय घर में मौजूद दो बुजुर्ग महिलाएं दूसरे कमरे में सो रही थीं, जिससे चोरों को वारदात अंजाम देने में आसानी हुई।

जानकारी के अनुसार चोरी की यह घटना स्वर्गीय रमेश उर्फ बाबा सोनी के घर में हुई। देर रात अज्ञात बदमाश घर में घुसे और सीधे उस कमरे तक पहुंचे जहां मुख्य अलमारी रखी थी। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। पूरी वारदात इतनी खामोशी से हुई कि घर में सो रही बुजुर्ग महिलाओं को इसकी भनक तक नहीं लगी।

घटना का खुलासा सुबह उस समय हुआ जब परिवार की एक महिला सदस्य नींद से उठकर आंगन में पहुंची। वहां सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी। चोरी की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया।

टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट्स और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चोरी की इस बड़ी वारदात को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है। वहीं गांव में हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।