विश्व उच्च रक्तचाप दिवस पर आयुर्वेदिक शिविर, डॉ. नागेंद्र शर्मा ने दी निःशुल्क परामर्श सेवाएं

कोरबा। “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के तहत 17 मई को विश्व उच्च रक्तचाप दिवस पर लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, भारत विकास परिषद,नीमा एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय (महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड) में विशेष आयुर्वेद-योग चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध नाड़ी वैद्य एवं अनुभवी आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने अपनी चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने उच्च रक्तचाप, मधुमेह, तनाव और जीवनशैली संबंधी रोगों पर विस्तार से परामर्श दिया।

शिविर में रक्तचाप एवं ब्लड शुगर की निःशुल्क जांच की गई तथा आवश्यक परीक्षित औषधियां निःशुल्क वितरित की गईं। उच्च रक्तचाप और पित्तजन्य रोगों के लिए उपयोगी ‘शीत सुधा शरबत’ भी निःशुल्क पिलाया गया।

डॉ. नागेंद्र शर्मा ने कहा कि जंक फूड और पित्तवर्धक आहार उच्च रक्तचाप का मुख्य कारण है। उन्होंने बचाव के लिए स्वस्थ जीवनशैली, योग, व्यायाम और संतुलित आहार अपनाने की सलाह दी।

शिविर में नेत्रदान एवं देहदान के प्रति भी जागरूकता अभियान चलाया गया।

कार्यक्रम में लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, भारत विकास परिषद, श्री शिव औषधालय की संचालिका प्रतिभा शर्मा, महेश गुप्ता, सोमु, नेत्रनंदन साहू, अश्वनी बुनकर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

अंचलवासियों ने इस निःशुल्क शिविर का लाभ उठाते हुए डॉ. शर्मा की सेवाओं की सराहना की।