मुख्यमंत्री ने कराया हितग्राही धरम सिंह का गृहप्रवेश, पीएम सूर्यघर योजना के लिए दिए 60 हजार रुपए

कोरबा। सुशासन तिहार के अंतर्गत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लेमरू पहुंचकर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राही धरम सिंह के नव निर्मित आवास का उद्घाटन कर गृहप्रवेश कराया। मुख्यमंत्री ने परिवार को शुभकामनाएं देते हुए बच्चों को स्नेह पूर्वक दुलार किया तथा उन्हें बेहतर शिक्षा प्राप्त कर जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने परिवार की समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों का पक्के घर का सपना साकार हो रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हितग्राही के आवास को स्वच्छ ऊर्जा से रोशन करने के उद्देश्य से पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत सोलर पैनल स्थापना हेतु डीएमएफ मद से हितग्राही अंशदान के रूप में 60 हजार रुपए की सहायता राशि भी प्रदान की।

प्रदेश के मुखिया को अपने बीच पाकर धरम सिंह का परिवार भावुक हो उठा। परिवार ने आत्मीय स्वागत करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से मिले लाभों के लिए आभार व्यक्त किया।

इस दौरान ओपी चौधरी, लखनलाल देवांगन, प्रेमचंद पटेल, गोपाल मोदी, सुबोध सिंह, रजत बंसल, संजू देवी राजपूत, रेणुका राठिया एवं बीजमोती राठिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।